बालाघाट/खनिज निधि की अधिक से अधिक राशि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर-खनिज मंत्री श्री जायसवाल

    खनिज निधि की अधिक से अधिक राशि का उपयोग शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर किया जायेगा। जिससे सरकार अस्पतालों में आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें मिल सकेंगी। प्रदेश शासन ने जिला चिकित्सालय बालाघाट को 300 बेड के अस्पताल से बढ़ाकर अब 400 बेड का अस्पताल कर दिया है। जिला चिकित्सालय का दर्जा बढ़ जाने से इसमें इसी अनुपात में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। यह बातें मध्यप्रदेश शासन के खनिज साधन मंत्री प्रदीप जायसवाल ने आज 29 जनवरी को जिला चिकित्सालय बालाघाट में आयुष्मान योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय स्वास्थ्य शिविर में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कही।
    इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, अपर कलेक्टर श्री शिवगोविंद मरकाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर सी पनिका, सिविल सर्जन डॉ आर के मिश्रा, डॉ अशोक लिल्हारे, डॉ अजय जैन, डॉ निलय जैन, डॉ तिड़गाम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्री संभीर सुलाखे, श्री अशोक मरार, श्री अजय मिश्रा, श्री कैलाश जैन, श्री बल्देव गुप्ता, अधिवक्ता श्री आनंद बिसेन, श्री मोनू लिमजे, सुश्री चांदनी शर्मा, आंचल रेवेकर, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं उपचार के लिए आये मरीज व उनके परिजन उपस्थित थे।



   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खनिज मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ जन जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जनमानस की जागरूकता के बगैर इस अभियान को सफल बनाना संभव नहीं होगा। कब, किसको, कौन सी बीमारी हो जाये, यह कहा नहीं जा सकता है। आयुष्मान योजना में पंजीकृत मरीज को एक साल में 05 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। आम जनता को इस योजना का लाभ उठाने के साथ ही अपने पास पड़ोस के लोगों को भी इस योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करना होगा। समाज का हर व्यक्ति स्वस्थ्य रहे और सुखी रहे यह हम सबकी जवाबदारी है।
    खनिज मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला चिकित्सालय बालाघाट में बिस्तरों की संख्या 300 से बढ़ाकर 400 कर दिया है। इसका लाभ जिले की जनता को मिलेगा। प्रदेश सरकार की इस मंजूरी से इस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधायें मिलने लगेंगी। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि जिला खनिज मद की अधिक से अधिक राशि का उपयोग शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में किया जायेगा। अब बालाघाट जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास होगा। जिला चिकित्सालय बालाघाट को खनिज मद की राशि से एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान कर दी गई है और इससे जिला चिकित्सालय में कार्य कराये जा रहे है।
    कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ निलय जैन ने आयुष्मान योजना के बारे में विस्तार से बताया कि कौन लोग इसमें ईलाज कराने के लिए पात्र है और इस योजना में कौन सी बीमारियां उपचार के लिए चिन्हित है। इस योजना में पंजीकृत मरीज अपने आसपास के बड़े शहरों के चिन्हित अस्पतालों में एक साल में 05 लाख रुपये तक की राशि का ईलाज करा सकते है।