हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई गणतंत्र दिवस की 71 वी वर्षगांठ शिवपुरी कलेक्टर अनुग्रहा पी ने फहराया राष्ट्रध्वज

  



  गौरवशाली गणतंत्र की 71वीं वर्षगाँठ शिवपुरी जिले में हर्षोंल्लास एवं धूमधाम के साथ समारोहपूर्वक मनाई गई। यहाँ तात्याटोपे स्टेडियम पोलोग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामय मुख्य समारोह में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। उन्होंने शांति और खुशहाली के प्रतीक रंगीन गुब्बारे आसमान में छोड़े। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और व्यायाम की प्रस्तुति दी गयी। समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित आकर्षक झाँकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।
   



देश का 71 वाँ गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने समारोह स्थल पहुंचकर प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सिंह चंदेल के साथ जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने इस अवसर पर मधुर-धुन के बीच हर्ष फायर किये। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को भी प्रशंसा-पत्र प्रदाय कर सम्मानित किया।


स्कूली बच्चों ने किया योग और दिखाए हैरतअंगेज करतब

      पोलो ग्राउंड पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए समारोह में विभिन्न स्कूलों के एक हजार छात्र-छात्राओं ने एक साथ पी टी की और स्कूली छात्र-छात्राओं और राष्ट्रीय स्तर तक योग प्रदर्शन कर चुके बच्चों द्वारा किए गए योग और हैरतअंगेज करतबों ने सभी को प्रभावित किया।


आकर्षक झाँकियाँ भी निकलीं

  



  समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा झांकियां निकाली गई। झांकी में आदिम जाति कल्याण विभाग की झांकी प्रथम, नगरपालिका शिवपुरी की स्वच्छ भारत अभियान पर केंद्रित झाँकी को दूसरा स्थान, पेयजल की थीम पर पीएचई विभाग की झाँकी को तृतीय स्थान मिला। झाँकियों में इनके अलावा कृषि, उद्यानिकी, वन, शिक्षा, जिला उद्योग केन्द्र, महिला बाल विकास, मत्स्य व स्वास्थ्य आदि विभागों की झांकियां भी आकर्षण का केन्द्र रहीं।


उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

    मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन सहित अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही साहसिक ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।


इनकी रही मौजूदगी

    समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अमनीश कुमार वर्मा, डीएफओ श्री लवित भारती, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुन्नालाल कुशवाह, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बैजनाथ यादव, श्री हरवीर रघुवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पारम सिंह रावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एच.पी.वर्मा, अपर कलेक्टर श्री आर.एस.बालोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और उनके परिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री गिरीश मिश्रा और श्रीमती हेमलता चौधरी ने किया।


आकर्षक मार्चपास्ट से सभी हुए प्रभावित

  



  संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी, स्काउट गाइड, शौर्यादल की टुकड़ियों ने बैण्ड की मधुर धुन के साथ आकर्षक मार्चपास्ट किया। संयुक्त परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक श्री भारत सिंह यादव व सहायक परेड कमाण्डर सूबेदार सुश्री गायत्री इटोरिया ने किया। मार्चपास्ट के पश्चात सभी टुकड़ियों के परेड कमांडर्स से मुख्य अतिथि ने परिचय प्राप्त किया।


स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री नागर का हुआ सम्मान

    गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी ने वरिष्ठ पत्रकार एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहारों से सम्मान किया।


रंगारंग एवं देशभक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में स्कूली बच्चों द्वारा देश की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध जाबाज सैनिकों की गाथा प्रस्तुत कर मौजूद दर्शकों को देशभक्ति के जज्बे से सराबोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में शिवपुरी स्कूल, शासकीय मॉडल स्कूल, उत्कृष्ट विद्यालय और बाल शिक्षा निकेतन के छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुतियां दी। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विजेताओं को शील्ड प्रदान की गयी।