ग्वालियर/साईंस एक्टिविटी कॉर्नर एवं विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना का विकास होगा – श्री जी एस मौर्य

     साईंस एक्टिविटी कॉर्नर एवं विज्ञान प्रदर्शनी में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर संचालक जनसंपर्क श्री जी एस मौर्य ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण कर शुभकामनायें दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विज्ञान प्रसार नई दिल्ली के प्रमुख वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. व्ही के त्यागी ने की। कार्यक्रम में डीआरडीओ के पूर्व संयुक्त निदेशक डॉ. डी सी गुप्ता एवं पूर्व संयुक्त संचालक श्री एस सी अरोरा तथा श्रीमती रेखा पुष्पक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
    कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए अपर संचालक श्री जी एस मौर्य ने साईंस एक्टिविटी कॉर्नर एवं विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को शुभकामनायें देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों ने वैज्ञानिक चेतना के साथ-साथ बौद्धिक विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं ने विज्ञान की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि विज्ञान गतिविधि कॉर्नर बच्चों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का एक अच्छा माध्यम प्राप्त हुआ है। जिससे बच्चे अपनी विज्ञान की प्रतिभा को और आगे बढ़ा सकेंगे। श्री मौर्य ने छात्र-छात्राओं से कहा कि विज्ञान के माध्यम से वे सामाज को कुरीतियों एवं भ्रांतियों को भी दूर करने में भी आगे आएं।
    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विज्ञान प्रसार नई दिल्ली के प्रमुख वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. व्ही के त्यागी ने कहा कि हमें बच्चों की जिज्ञासा को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासा को भी दूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोंण अपनाना बहुत जरूरी है।
    डॉ. डी सी गुप्ता ने बच्चों को जल एवं ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भावी पीड़ी को हमें ध्यान में रखते हुए जल के साथ-साथ ऊर्जा का भी संरक्षण करना होगा और हमें ऊर्जा के विभिन्न रूपों का भी उपयोग करना होगा। केन्द्रीय विद्यालय के डॉ. डी पी शर्मा द्वारा भौतिक विज्ञान के रोचक प्रयोगों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी गई।
    भिण्ड से आए श्री राजनारायण राजौरिया द्वारा गणित विषय के प्रश्नों को रोचक एवं सरल तरीके से हल करने की जानकारी दी गई। श्री जितेन्द्र भटनागर ने चमत्कारों की वैज्ञानिक व्याख्या कर प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट विद्यालय मुरार की डॉ. दीप्ति गौड़ ने मौसम पर आधारित किट की प्रस्तुति दी।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों को मिले पुरस्कार
    साईंस एक्टिविटी कॉर्नर एवं विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें उत्कृष्ट एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। जिसमें मुख्य रूप से पोस्टर प्रतियोगिताओं के तहत माध्यमिक विद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित प्रतियोगिता में प्रियंका निगम प्रथम, खुशी भदौरिया द्वितीय, शुशांत सगर तृतीय एवं शिवांग गौतम, आरती जायसवाल, प्रिया व शिवानी शर्मा को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
    उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम समूह के रूप में कक्षा-10वीं व 9वीं के विद्यार्थियों के रूप में खुशी दुबे प्रथम, आदित्य सगर द्वितीय, परी सिंह तृतीय और राजीव सगर, कांची त्यागी, शालिनी शुक्ला, राखी गुर्जर, राजनंदनी साहनी को सांत्वना पुरस्कार प्रदाय किया गया। जबकि विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने पर संयुक्त रूप से अर्जुन शर्मा एवं रिंकू प्रजापति को द्वितीय स्थान ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल के समूह को और तृतीय पुरस्कार केन्द्रीय विद्यालय क्र.-1 एवं सेंट क्यूल स्कूल के समूह को प्रदाय किया गया।
    चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय स्तर पर छात्र शिवम सिंह को प्रथम, सनी राठौर को द्वितीय और सौरभ धाकड़ को तृतीय स्थान मिला, जबकि कृष्टि, आशिका राजौरिया को सांत्वना पुरस्कार प्रदाय किया गया। माध्यमिक विद्यालय स्तर पर शिखा जायसवाल प्रथम, अदिति पवैया द्वितीय, कशिश सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में अंजलि शर्मा प्रथम, अर्चना कुशवाह द्वितीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल को प्रथम एवं उत्कृष्ट विद्यालय क्र.-1 मुरार को द्वितीय पुरस्कार प्रदाय किया गया।