भोपाल / नैतिकता की बात करने वाले मुख्यमंत्री कमल नाथ जी प्रदेशवासियों के साथ भी नैतिकता दिखाएं : श्री गोपाल भार्गव

कांग्रेस कर रही है बदले की भावना से राजनीति, भाजपा विधायकों को बना रही है निशाना


नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव के लिए इमेज नतीजे


भोपाल / भारतीय जनता पार्टी को नैतिकता का पाठ पढ़ाने वाले मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ यह नैतिकता प्रदेशवासियों के साथ भी दिखाएं। प्रदेश का हरएक वर्ग परेशान है। चाहे किसान हो, महिला हो, युवा हो, आदिवासी हो, गरीब हो, हर कोई सरकार की कार्यप्रणाली को देख रहे हैं, समझ रहे हैं। सरकार सिर्फ बदले की भावना से काम कर रही है और भाजपा के विधायकों एवं भाजपा से जुड़े लोगों को निशाना बना रही है। क्या ये ही मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ और सरकार की नैतिकता है? ये बातें नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के पत्र का जवाब देते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री दिग्विजय सिंह, मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ  लगातार भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं कि हम प्रदेश में सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं। सच्चाई यह है कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश नहीं की। हम पहले दिन से ही कांग्रेस के इन आरोपों को निराधार बता रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि कांग्रेस सरकार से उनके विधायक ही संतुष्ट नहीं हैं। वे ही सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। इसका उदाहरण विधायक हरदीप सिंह डंग हैं, जिन्होंने पत्र लिखकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की है। सरकार सिर्फ कुछ प्रभावशाली मंत्रियों के अलावा छिंदवाड़ा तक में ही सिमटी हुई है। भाजपा विधायकों के क्षेत्रों में भी सरकार विकास के कार्य तो नहीं कर रही है, लेकिन भू- माफिया के नाम पर भाजपा के नेताओं को निशाना बना रही है।
नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ भाजपा नेताओं पर अशोभनीय आचरण का आरोप लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें अपना आचरण अशोभनीय नहीं लग रहा है। मैं भी करीब 40 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हूं, लेकिन इससे पहले सरकार की ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी। पहले भी राज्य में कांग्रेस की सरकार थी, लेकिन ऐसा वातावरण नहीं था। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश की कलमनाथ सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। पहले वे केंद्र पर आरोप लगा रहे थे कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को पैसा नहीं दिया, लेकिन जब हर वर्ष से ज्यादा पैसा आ गया तो अब भाजपा को कोस रहे हैं। 
माफियाराज को बढ़ावा दे रही सरकार-
नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में माफिया राज को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में शराब माफिया, रेत माफिया, खनिज माफिया को प्रोत्साहन देकर लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में शराब को सीमित करने का काम किया है तो अब मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ प्रदेश में ज्यादा शराब परोस रहे हैं। प्रदेश भर में रेत का अवैध व्यापार जमकर फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई मंत्री और नेताओं का मेरे पास रिकॉर्ड है कि उन्होंने हजारों एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है, लेकिन सरकार को अपने मंत्रियों नेताओं की यह करतूत नजर नहीं आ रही है। वह सिर्फ भाजपा और भाजपा से जुड़े लोगों को ही निशाना बना रहे हैं। मिलावट खोरों पर कार्रवाई के नाम पर उनसे पैसों की वसूली की जा रही है। 
वचन पूरे करें कांग्रेस- 
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जो वचन प्रदेशवासियों से किए थे, पहले उन्हें पूरा करें। मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने कितने किसानों का कर्जमाफ किया है? कौन से विकास कार्य कराएं हैं? कितना निवेश लेकर आए हैं? प्रदेश के कितने युवाओं का भविष्य सुनहरा बनाया है ? 
अपनी पार्टी को संभाले- 
नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ अपनी पार्टी को संभाले। कांग्रेस के अंदर इतने गुट हैं कि सब एक-दूसरे को निपटाने में लगे हुए हैं। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का ही कारण है कि प्रदेश में इस तरह के राजनीतिक हालात पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपना काम करते रहेंगे और सरकार को आईना दिखाते रहेंगे।


नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव का बड़ा बयान / हमने राज्यपाल से मिलकर शिकायत की है एक दर्जन से ज्यादा विधायकों को सरकार कर रही है परेशान उन्हें धमका रही है इसमें बीजेपी सहित कांग्रेस, दूसरे दल और निर्दलीय विधायक भी शामिल हें।