हर्षोल्लास से मना दतिया में 71वां गणतंत्र दिवस /कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने ध्वजारोहण किया


     दतिया जिले में 71वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित हुए मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने ध्वजारोहण किया और परेड को सलामी दी।
    इस मौके पर कलेक्टर ने मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के संदेश को दोहराते हुए कहा कि हमने सरकार में आते ही सबसे पहले किसानों का खर्च कम करने के लिए किसानों के फसल ऋण माफ किए। पिछले एक साल में लगभग 20 लाख किसानों के ऋण माफ किए जा चुके हैं। इसमें रूपये 2 लाख तक कि कालातीत फसल ऋण और 50 हजार तक के चालू फसल ऋण हमने माफ किए हैं। ऋण माफी का दूसरा चरण अब शुरू हो गया है, जिसमें रूपये एक लाख तक के चालू फसल ऋण और रूपये 2 लाख तक के कालातीत फसल ऋण के बचे किसानों के ऋण माफी का काम किया जा रहा है।
    खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए पानी और बिजली की आवश्यकता होती है। पानी के लिए हमने प्रदेश में सिंचाई क्षमता को 60 लाख हेक्टेयर तक करने का लक्ष्य रखा है। इस वर्ष हमने नर्मदा घाटी में मंडला, डिंडोरी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, रायसेन, सीहोर और होशंगाबाद जिले में चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश को आवंटित नर्मदा के पानी के पूरे-पूरे उपयोग के लिए 2024 तक हमारी समस्त योजनाएं पूर्ण हो जाएं। हमने अपने वचन-पत्र में यह घोषणा की थी कि किसानों के बिजली बिल आधे किए जाएंगे। हमने इस वादे को पूरा किया है और 10 हॉर्स पावर तक के स्थाई कृषि पंप कनेक्शन के बिजली बिल आधे किए जा चुके हैं।
    मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में आवासहीन हैं, जो हमारे लिए चिंता का विषय है। इसे हम सर्वोच्च प्राथमिकता देना चाहते हैं और इसलिए मुख्यमंत्री आवास मिशन के नाम से हमने मिशन प्रारंभ कर दिया है। हमारा उददेश्य होगा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में 40 लाख परिवार जो आवासहीन हैं, उनके लिए आवास की व्यवस्था की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में मकान के साथ-साथ आवश्यक अधोसंरचना जैसे सड़क, नाली आदि का भी विकास किया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में हम इस मिशन के तहत नया प्रयोग करने जा रहे हैं, जिसमें आवासहीनों को किराए पर मकान देंगे और 15 साल किराया देने के बाद यह मकान उनके हो जाएंगे।
    आदिवासी परिवारों के जन्म पर 50 किलो अनाज और मृत्यु पर 100 किलो अनाज निःशुल्क देने के लिए ‘मदद‘ योजना लागू की गई है। आदिवासी समुदाय के देव‘स्थानों के संरक्षण के लिए ‘आष्ठाना‘ योजना लागू की गई है। इस वर्ष गोंडी कला वर्ष मनाया जा रहा है। रानी दुर्गावती, बादल भोई, टंट्या भील और जनगण सिंह श्याम स्मृति पुरस्कार स्थापित किए गए हैं। विश्व आदिवासी दिवस 9 अ्रगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
    प्रदेश के कर्मचारी सरकार का अंग हैं तथा इनकी खुशहाली के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना मंजूर की गई है। इससे साढ़े बारह लाख कर्मचारी और पेंशनर लाभान्वित होंगे। कर्मचारियों की सालों से लंबित समस्याओं को हल करने के लिए कर्मचारी आयोग की स्थापना की गई है।
    स्कूली छात्र-छात्राओं ने समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में जवानों परेड निकाली और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। परेड में सशस्त्र बल में जिला पुलिस बल को प्रथम, एस.ए.एफ. को द्वितीय तथा जिला पुलिस महिला बल को तृतीय स्थान मिला। जबकि निःशस्त्र बल में एन.सी.सी. सीनियर विंग को प्रथम, पैरा मिलिट्री फोर्स को द्वितीय और एन.सी.सी. जूनियर विंग को तृतीय स्थान दिया गया। आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में लिटिल फ्लॉवर स्कूल को प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय एवं आदिवासी समूह को संयुक्त रूप से द्वितीय तथा भारतीयम विद्यालय को तृतीय स्थान मिला जिन्हें पुरस्कार दिए गए। उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया गया।
    समारोह में निकाली गई विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियों में महिला एवं बाल विकास को प्रथम, सर्वशिक्षा अभियान को द्वितीय एवं जिला पंचायता को तृतीय स्थान दिया गया।
    कार्यक्रम में सेवढ़ा विधायक श्री घनश्याम सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती सुनीता यादव, वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रिंयाशी राठौर, पुलिस अधीक्षक श्री डी कल्याण चक्रवर्ती समेत विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।