उज्जैन / धार्मिक भावना भड़काने का वीडियो बनाकर वायरल करने वाले भाजयुमो नेता पर रासुका की कार्रवाई

  • महाकाल मंदिर के बाहर प्रदर्शन के दौरान शासन-प्रशासन और वर्ग विशेष को चेतावनी दी थी

  • मंदिर प्रशासक की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई की, आरोपी को रीवा जेल भेज गया

    युवा मोर्चा के नगर महामंत्री योगेश सांगते के लिए इमेज परिणामउज्जैन. भारतीय जनता युवा मोर्चा के नगर महामंत्री योगेश सांगते को बुधवार शाम महाकाल थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सांगते के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ही रीवा जेल भेज दिया। सांगते पर धार्मिक भावना भड़काने का वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप है।


    महाकाल मंदिर के बाहर मंगलवार को शहर के 65 समाजों के प्रतिनिधियों ने प्रदर्शन किया था। इसमें बेगमबाग मार्ग पर सीएए के विरोध में चल रहे धरने से महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी से प्रशासन को अवगत कराया था। इस दौरान सांगते ने बेगमबाग फोरलेन आवागमन के लिए खाली कराने की मांग करते हुए भाषण दिया था। इस भाषण का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल किया। महाकाल मंदिर प्रशासक सुजान सिंह रावत ने इसकी पुलिस से शिकायत की।


    वीडियो में प्रशासन-शासन को अपशब्द कहने का आरोप


    वीडियो में सांगते मंदिर प्रशासन, मुख्यमंत्री को अपशब्द कहते हुए नजर आए। साथ ही साउंड सिस्टम को लेकर धार्मिक भावना भड़काने वाले शब्द कहे। शिकायत के बाद पुलिस की सायबर सेल प्रभारी राजाराम वास्कले ने सांगते के ठिकानों पर छापेमारी की और गिरफ्तार कर लिया। महाकाल पुलिस ने सांगते के खिलाफ धारा-144 के उल्लंघन समेत धार्मिक भावना भड़काने पर धारा-153 ए में केस दर्ज किया।

    अन्याय नहीं रोका तो सड़क पर उतरेगी भाजपा- भाजपा
    घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा- नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के नाम पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार संविधान की मर्यादाएं तोड़ रही है। कानून व्यवस्था की आड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। महाकाल मंदिर का रास्ता रोकने का दुस्साहस हुआ। पुलिस ने उसे खुलवाने के कोई प्रयास नही किए। जब इसका वाल्मीकि समाज के युवक ने शाब्दिक विरोध किया तो उसे गिरफ्तार कर लिया। वह वाल्मीकि समाज से आता है, केवल इसलिए सरकार उसका दमन नहीं कर सकती। भाजपा इसका पुरजोर विरोध करती है। मैं चेतावनी देता हूं कि यदि जल्द महाकाल का रास्ता नहीं खोला और सांगते पर अन्याय को नहीं रोका तो भाजपा निर्णायक लड़ाई के लिए उज्जैन की सड़कों पर उतरेगी।