मध्य प्रदेश / मंत्री पटवारी ने शिवराज सिंह को रावण बताया, कहा- भाजपा को उसके किए की सजा हर हाल में मिलेगी

पटवारी शनिवार को बिरगोद गांव की पहाड़ी पर ट्रैक्टर-ट्राॅली हादसे में घायल लोगों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे


मंत्री पटवारी ने सभी घायलों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता दिलवाने की बात क के लिए इमेज नतीजेशाजापुर. उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने कहा है कि शिवराज सिंह रावण हैं और वे राव‌ण जैसा ही कृत्य कर रहे हैं। शिवराज सिंह खरीद - फरोख्त करना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट हैं और एकजुट रहेंगे। भाजपा को अपने इस कृत्य का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। आज नहीं तो कल उन्हें इस कृत्य की सजा मिलेगी और हर हाल में मिलेगी। पटवारी शनिवार को बिरगोद गांव की पहाड़ी पर ट्रैक्टर-ट्राॅली हादसे में घायल लोगों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे थे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही। 


पटवारी ने कहा कि जाे लाेकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं, वे इस पूरे मामले में नाकाम साबित हुए हैं। 15 साल का भ्रष्टाचार और अकूत संपति उनके पेट में समा नहीं रही है। इसलिए वे उसका दुरुपयाेग करने की काेशिश कर रहे हैं। हमारा एक-एक जनप्रतिनिधि सकारात्मक और सेवाभाव की राजनीति करता है। यह प्रदेश की पहली ऐसी घटना है, जिसने मध्यप्रदेश और यहां के लाेकतंत्र काे कलंकित किया है।


उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चाैहान और उनका पूरा मंत्रिमंडल इस घटनाक्रम में शामिल था। शिवराज काे जब इस प्रदेश की जनता ने मुख्यमंत्री बनाया, तब वे राम की भाषा बाेलते थे। जब से मुख्यमंत्री पद से हटे हैं रावण की भाषा बाेलने लगे हैं। वे रावण जैसे कृत्य कर रहे हैं। मैं मानता हूं कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि देगा। हमारी सरकार का मकसद प्रदेश काे समृद्धि बनाना, किसानाें की मदद करना और प्रदेश काे सभी क्षेत्रों में देश में नंबर वन बनाना है। मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल इस काम में लगा है।


शनिवार सुबह शाजापुर जिले के बिरगोद गांव की पहाड़ी पर बारात से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पटवारी शाजापुर घायलों से मिलने चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से सहायता दिलवाने का आश्वासन भी दिया। एक ही पलंग पर 2 मरीजों को देख कर मंत्री ने अस्पताल प्रबंधन को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल दूसरे बेड की व्यवस्था करने को कहा।