मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया MODI के नाम का मतलब, कहा- वे हमें करते हैं प्रेरित


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान


मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी के नाम का मतलब बताया। उन्होंने कहा, ‘मोदी (MODI) नाम में एक मंत्र है। ‘एम’ का मतलब प्रेरक है। वे भारत को अधिक ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए काम करते हैं और हमें प्रेरित करते हैं। ‘ओ’ का मतलब अवसर है। वे देश में छिपे हुए अवसरों को बाहर लाने का काम करते हैं। ‘डी’ का मतलब गतिशील नेतृत्व और ‘आई’ का मतलब प्रेरणा, भारत है। उन्होंने हमें भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया है।’


मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मोदी नाम में ही संदेश छिपा है। पूरा देश मोदी के आव्हान पर जुटा है। मोदी नाम नहीं एक मंत्र है, जो ऊर्जा भरता है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं जो हमें प्रधानमंत्री मोदी के रूप में नेतृत्व करने वाला एक ऐसा नेता मिला है जिसने कश्मीर से धारा-370 की समाप्ति, नागरिकता कानून, अयोध्या मंदिर निर्माण, तीन तलाक के कानून के साथ ही आत्मनिर्भर भारत के लिए बीस लाख करोड़ के विशेष पैकेज से सभी के कल्याण के कदम उठाये हैं।


मुख्यमंत्री चौहान ने आशा व्यक्त की कि प्रधानमंत्री मोदी इसी तरह राष्ट्रवासियों को प्रेरित करते रहेंगे, मनोवल बढ़ाते रहेंगे और दिलों पर राज करते रहेंगे।


भाजपा नेताओं ने एक साल ऐतिहासिक उपलब्धि से भरा बताया
वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरा होने को ऐतिहासिक उपलब्धि से भरा बताया। 


छह साल में ऐतिहासिक गलतियों को सुधारा: शाह


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने छह साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक गलतियों को सुधारा और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखी, जो विकास की राह पर है। शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं मोदी 2.0 के एक वर्ष सफल होने पर देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हार्दिक बधाई देता हूं। यह ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है।’


कठिन और बड़े फैसलों के लिए जाना जाएगा: नड्डा


पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जोर दिया कि इस कार्यकाल को अपने कठोर और बड़े निर्णयों की वजह से जाना जाएगा, जिसने भारत की तस्वीर बदल दी। 


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, ‘मैं दूसरे कार्यकाल के पहले साल के सफलतापूर्वक पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के अन्य सदस्यों को बधाई देता हूं। मोदी सरकार का यह साल बहुत सारी ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा है।’


उन्होंने आगे कहा, ‘मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला साल अपने कठिन और बड़े फैसलों और चुनौतियों को अवसरों में बदलने के लिए जाना जाएगा। मोदी ने उन फैसलों को लागू किया, जो दशकों से प्रतीक्षित थे। इन फैसलों ने देश का चेहरा बदल दिया है।’ 


नड्डा ने कहा कि मोदी ने अपनी दूरदर्शी नीतियों, समर्पण और टीम इंडिया की भावना के साथ देश के लोकतंत्र को एक नई दिशा दी है और सरकार के हर फैसले में लोगों के कल्याण और देश के हित को दर्शाया है।