खरगौन/अभी काम करने के चार साल और बाकी है-कृषि मंत्री श्री यादव कसरावद एसडीएम कार्यालय का किया लोकार्पण व 19 करोड़ की नवीन सड़कों का भूमिपूजन

    प्रदेश के कृषि, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री सचिन सुभाष यादव ने सोमवार को 3 करोड़ 17 लाख 41 हजार रूपए की लागत से बने कसरावद एसडीएम कार्यालय का लोकार्पण और 19 करोड़ 6 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाली कई नवीन सड़कों का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 2 करोड़ 91 लाख रूपए की लागत से बनने वाले कृषि अभियांत्रिकी कौषल विकास केंद्र के नवीन भवन निर्माण का भी भूमिपूजन किया। दौरान उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि अभी काम करने के पूरे चार साल और बाकी है। पहले एक वर्ष में ज्यादा समय नही मिल पाया फिर भी ऐसे कार्य किए गए है, जो अब तक ऐतिहासिक साबित हुए है। उनमें फसल ऋण के अलावा अतिवृष्टि से प्रभावित हुई फसलों की राहत राशि प्रदाय करना मुख्य है। वहीं जनकल्याणकारी योजनाओं में मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह की राशि बढ़ाई गई तथा इंदिरा गृह ज्योति योजना व इंदिरा किसान ज्योति योजना के तहत 100 रूपए में बिजली प्रदाय की जा रही है। कृषि मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खरीफ की फसल अत्यधिक वर्षा से प्रभावित हुई, तो किसान निराश और मायुष होने लगा था। सरकार ने इस बात को समझा और त्वरित प्रयास किए की किसानों को राहत राशि दी जाए। इसके तहत कसरावद तहसील में करीब 33 हजार 498 किसानों के 25 करोड़ से अधिक की राहत राशि दी गई है। कृषि मंत्री ने मंच से कैलाश, अमित, हितेंद्र और दीपिका सहित अन्य हितग्राहियों को नवीन भू-अधिकार पुस्तिका प्रदान की। साथ ही उन्होंने नवीन एसडीएम भवन में पौधरोपण भी किया। कायर्क्रम में कलेक्टर श्री गोपालचंद्र डाड, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील पांडेय, एसडीएम श्रीमती नेहा शिवहरे, पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री श्री पंवार तथा कृषि उप संचालक एमएल चौहान सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


खलिहान से तहसील और मंडी तक किसानों की पहुंच होगी आसान

 



   कृषि मंत्री श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आज कई ग्रामीण सड़कों के भूमिपूजन हो जाने के बाद शीघ्र ही सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। इन नवीन सड़कों से किसानों के खेत खलिहान तहसील जनपद और मंडी से जुड जाएंगे, जिससे किसानों सहित पूरे गांवों को इसका लाभ मिलेगा। अब गांव शहर से जुड़ जाएंगे, तो किसानों सहित विद्यार्थियों की पहुंच भी महाविद्यालय और बड़े अस्पताल तक आसान होगी। एसडीएम कार्यालय के लोकार्पण करने के बाद नवीन भवन का अवलोकन करते हुए कृषि मंत्री श्री यादव ने कहा कि यह अत्याधुनिक भवन अनुभाग की जनता को समर्पित करते हुए प्रसन्नता हो रही है। इस भवन के बन जाने के बाद अनुभाग के कई कार्यालय एक छत के नीचे आ जाएंगे, जिससे जनता को हर ऑफिस के चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।


प्रदेश का छठा कृषि का कौशल विकास केंद्र कसरावद में

 



  लोकार्पण भूमिपूजन के कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री यादव ने कृषि अभियांत्रिकी कौशल विकास केंद्र का भूमिपूजन भी किया। 2 करोड़ 91 लाख रुपए की लागत से बनने भवन में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कृषि अभियांत्रिकी संचालक राजीव चौधरी ने संबोधित करते हुए कहा कि इस केंद्र के बन जाने के बाद नवीन कृषियंत्र और कृषिगत कार्यों में लगने वाले यंत्रों के कौशल विकास के लिए नवयुवकों को सर्टिफिकेट कोर्स के तहत प्रमाण पत्र प्रशिक्षण के पष्चात प्रदान किए जाएंगे। जबलपुर, होशंगाबाद और इंदौर के बाद कसरावद में यह केंद्र बनाया गया है। इस तरह के प्रदेश में अब तक केवल 5 केंद्र बनाए गए है। कसरावद का केंद्र प्रदेश में छठा होगा।


ये गांवों को जोड़ेगी 19 करोड़ की नवीन सड़के

   कृषि मंत्री श्री यादव द्वारा 3 करोड़ 17 लाख 41 हजार रुपए की लागत से बने नवीन एसडीएम कार्यालय भवन के लोकार्पण के साथ ही कई नवीन ग्रामीण सड़कों का भूमिपूजन भी किया। कृषि मंत्री ने कुल 19 करोड़ 6 लाख 88 हजार रुपए की लागत से बनने वाली 23.60 किलोमीटर लंबी सड़को का भूमिपजन किया। इनमें 312.88 लाख रूपए की लागत से बनने वाली बामखल अवरकच्छ मुख्य मार्ग, 146.83 लाख रूपए वाली सिपटान से भुलगांव मुख्य मार्ग, 210.34 लाख रूपए वाली ओरझा से टांडा मार्ग, 294.84 लाख रूपए वाली कोड़ापुरा से सोनखेड़ी मार्ग, 455.50 भनगांव से कवडी मार्ग, 177.49 लाख रूपए वाली बिलखेड़ से सिपटान मार्ग तथा 309 लाख रूपए वाली मछलगांव से रेहगांव मार्ग का भूमिपजन किया।


मंगलवार भी करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन


    कृषि मंत्री श्री यादव अपने भ्रमण के दौरान आज मंगलवार को भी जिले में लाखों रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे। उनके निर्धारित कार्यक्रमानुसार मंत्री श्री यादव दोपहर 12.20 बजे बड़वाह के ग्राम कानापुर जाएंगे और 27.62 लाख रूपए से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण करेंगे। वहीं दोपहर 1 बजे सनावद आएंगे और 4 करोड़ रूपए की लागत से नवनिर्मित फल सब्जी मंडी का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे कृषि उपज मंडी सनावद में विभिन्न गावों में बनने वाले सामुदायिक भवनों तथा 2 सावर्जनिक घाटों का भूमिपूजन करेंगे। कृषि मंत्री श्री यादव शाम 5 बजे बड़वाह में 4 लाख रूपए की लागत से बने कृषि उपज मंडी के कार्यालय का लोकार्पण करेंगे करेंगे और शाम 5.30 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे।