रीवा / भोपाल / जनशिक्षण संस्थान रीवा द्वारा भोपाल में लगाई गई प्रदर्शनी रही आकर्षण का केन्द्र राज्य स्तरीय उत्कृष्टता सम्मान प्राप्त हुआ

  अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में भोपाल में प्रदेश के समस्त जन शिक्षण संस्थानों द्वारा लगाई गयी उत्पाद सह विक्री प्रदर्शनी में जन शिक्षण संस्थान रीवा द्वारा लगाई गयी प्रदर्शनी सभी के आकर्षण का केन्द्र रही।
    भोपाल स्थित गौहर महल में दो दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक श्रीमती कृष्णा गौर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं में प्रतिभा एवं हुनर की कोई कमी नही है जरूर है उनका प्रतिभा को पहचानने की। जन शिक्षण संस्थान द्वारा ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा को पहचानकर उनके हुनर को निखारने का कार्य प्रशंसनीय है। संस्थान के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार भी मिल रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति सुधर रही है। उन्होंने उत्पाद प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी सराहना की।
    उल्लेखनीय है कि प्रदेश के 24 जन शिक्षण संस्थानों में कौशल भारत कुशल भारत के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिये जन शिक्षण संस्थान रीवा के निदेशक सुनील शुक्ल को राज्य स्तरीय उत्कृष्टता सम्मान प्रदान किया गया। प्रदर्शनी सह विक्रय आयोजन में महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित किये गये।